राजस्थान के नागौर में बड़ा सड़क हादसा, मध्यप्रदेश के 11 लोगों की मौत, 7 घायल


जयपुर. राजस्थान के नागौर में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ जिसमें 11 लोगों की जान चली गई और 7 लोग घायल हो गए. यह हादसा श्रीबालाजी के पास हुआ, जहां ट्रेलर और जीप के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई. हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग मध्य प्रदेश के रहने वाले थे.

सुबह एक ट्रेलर ने तूफान जीप को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही 8 लोगों की मौत हो गई. तीन लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. हादसे में घायल हुए 7 लोगों को नोखा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.

यह सभी लोग मध्य प्रदेश के सजनखेड़वा दौलतपुर के रहने वाले थे. जो बीकानेर से रामदेवरा जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही ये दर्दनाक हादसा हो गया.

यह हादसा इतना खतरनाक था कि जीप का अगला हिस्सा पूरी तरह से तहस-नहस हो गया. टक्कर होते ही 8 लोगों की मौके पर मौत हो गई. मौके पर पुलिस ने लोगों की मदद से शव को गाड़ी से बाहर निकाला. इस हादसे में अब तक कुल 11 लोगों की मौत हो चुकी है. मरने वालों की संख्या और बढ़ने की भी आशंका है, क्योंकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है. उधर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे पर दुख जताया है.