भूपेंद्र पटेल फिर बने गुजरात के मुख्यमंत्री, कई दिग्गज रहे मौजूद


गांधीनगर। गुजरात विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत के बाद सोमवार को भूपेंद्र पटेल ने फिर से मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कई अन्य दिग्गज नेता मौजूद रहे। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने गांधीनगर में नए सचिवालय के पास हेलीपैड ग्राउंड में आयोजित समारोह में भूपेंद्र पटेल को राज्य के 18वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई। पटेल ने घाटलोडिया सीट पर 1.92 लाख मतों के अंतर से अपने प्रतिद्वंद्वी को मात दी है। पटेल को पिछले साल सितंबर में विजय रूपाणी के इस्तीफे के बाद राज्य की कमान मिली थी। शपथ समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे। गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 182 में से रिकॉर्ड 156 सीटें जीती हैं। गुजरात विधानसभा चुनावों में भाजपा की लगातार सातवीं जीत है। कांग्रेस को 17 और आम आदमी पार्टी को पांच सीट पर जीत मिली है।

मंत्रिमंडल में ये भी शामिल हुए

पटेल के साथ कुुंवरजी बावलिया, मुलुभाई बेरा, कुबेर डिंडोर, भानुबेन बावरिया ने भी मंत्रिमंडल सदस्य के तौर पर शपथ ली। भारतीय जनता पार्टी के विधायक हर्ष सांघवी और जगदीश विश्वकर्मा ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ली। विधायक परसोत्तमभाई ओधवजीभाई सोलंकी, बच्चूभाई खाबाद, मुकेश पटेल, प्रफुल्ल पंशेरिया, भीखूसिंह परमार और कुंवरजी हलपति ने राज्य मंत्री पद की शपथ ली।