किसानों के आह्वान पर भारत बंद आज, कई राज्य सरकारों ने भी दिया समर्थन


नई दिल्ली. केंद्र सरकार द्वारा लाए गए तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन समाप्त होने का नाम नहीं ले रहा है. इसी कड़ी में अब तक केन्द्र सरकार द्वारा मांगे नहीं माने  जाने से आक्रोशित किसानों ने आठ दिसंबर को देशव्यापी भारत बंद का एलान किया है. किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कई संगठन, प्रदेश सरकारें और विपक्ष मजबूती से खड़ा नजर आ रहा है. 
हरियाणा-पंजाब के साथ ही राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, ओडिशा, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, मध्यप्रदेश व तमिलनाडू के किसानों ने भी इस बंद को अपना सम​र्थन दिया है. 10 ट्रेड यूनियन भी बंद के समर्थन में हैं. प्रदर्शनकारी किसानों के मुताबिक 8 दिसम्बर को पूरा देश बंद रहेगा और केवल आवश्यक सेवाएं चालू रहेंगी. सुबह से शाम तक भारत बंद रहेगा और शाम तीन बजे तक चक्का जाम होगा. तीन राज्यों हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में सभी मंडियां बंद रहेंगी.  
यातायात सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं वहीं आवश्यक सेवाओं पर भी इस बंद का असर पड सकता है. शादियों, एंबुलेंस, आपातकालीन सेवाओं, मेडिकल स्टोर, अस्पताल सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे.