कोलकाता। पश्चिम बंगाल में जैसे-जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आती जा रही है राजनीति परवान पर चढ़ती दिखाई दे रही है और विवाद भी सर चढ़कर बोल रहे हैं। इसी कड़ी में अब चुनाव प्रचार प्रसार के दौरान पश्चिम बंगाल (West Bengal) की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) के घायल होने के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने अपने पॉलिटिकल प्लान में बदलाव करते हुए आज चुनावी घोषणापत्र जारी करने के कार्यक्रम स्थगित कर दिया है। ममता बनर्जी नंदीग्राम (Nandigram) के बिरुलिया गांव में चुनाव प्रचार के दौरान घायल हो गईं और उनके बाएं पैर में चोट लगने के बाद कोलकाता के SSKM अस्पताल में में भर्ती हैं और इलाज चल रहा है। हालांकि बताया गया है कि ममता के पैर की हड्डी नहीं टूटी है, लेकिन उनके पैर में सॉफ्ट टीश्यू डैमेज है। पैर में चोट लगने के बाद ममता ने सीने में दर्द की शिकायत भी की थी. डॉक्टरों ने उनकी ईसीजी जांच की, ममता की ईसीजी जांच रिपोर्ट नॉर्मल है। रात में ही ममता बनर्जी का सीटी स्कैन किया गया है और टेम्परेरी प्लास्टर भी किया गया है। अगले 48 घंटे ममता बनर्जी डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। उधर टीएमसी ने जहां पहले ही इस पूरे घटनाक्रम के लिए बीजेपी पर आरोप लगाए थे वहीं दूसरी और अब टीएमसी इस घटनाक्रम को लेकर चुनाव आयोग में जाने की तैयारी में जुट गई है।