जयपुर. कोरोना के बढ़ते खतरे के बीच राजस्थान में पटाखों पर लगाई गई रोक अब हटा दी गई है. राज्य सरकार ने एक आदेश जारी कर पटाखों की बिक्री-भंडारण, खरीद पर लगी रोक हटाई है.
बता दें कि कोरोना के चलते पिछले साल नवंबर में राज्य सरकार ने यह रोक लगाई थी. इसके बाद हाल ही में पटाखा बिक्री की रोक को वापस लेने की मांग को लेकर व्यापार संगठनों ने मुख्य सचिव निरंजन आर्य को उनके निवास पर जाकर ज्ञापन सौंपा था. इसके तहत व्यापारियों ने पटाखा दुकानों को खोलने और आतिशबाजी से बैन हटाने के लिए जल्द से जल्द आदेश जारी करने की मांग की थी. जयपुर व्यापार महासंघ और राजस्थान पटाखा मैन्यूफेक्चरर्स एण्ड डीलर एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना था कि सरकार ने कोरोना के बढ़ते संक्रमण और पटाखों के धुंए से मरीजों को होने वाली परेशानी को देखते हुए पटाखा बिक्री और आतिशबाजी पर रोक लगा दी थी. इस कारण तब से पटाखा बिक्री पर रोक है. मौजूदा समय समय में पूरे राजस्थान में लगभग 5 हजार व्यापारी है, जिनके पास पटाखा बेचने का स्थायी लाइसेंस है. ऐसे में इन व्यापारियों का कोरोनाकाल के बाद से अब तक व्यापार ठप्प पड़ा है. व्यापारियों का यह भी तर्क था कि कोरोना के मरीजों की संख्या पहले की तुलना में बहुत कम हो गई है और संक्रमण भी फैलना कम हो गया है. इसे देखते हुए सरकार ने नाइट कर्फ्यू सहित तमाम अन्य कई रोक हटा दी है. ऐसे में अब सरकार को पटाखा व्यापारियों का भी ध्यान रखते हुए इस पर लगी रोक को तुरंत हटा देना चाहिए. उसी दिशा में राजस्थान सरकार ने अब यह बैन हटाने का फैसला कर लिया है.