1 करोड़ 10 लाख परिवारों को निःशुल्क उपचार की सुविधा प्रदान करने के लिए आयुष्मान भारत महात्मा गांधी राजस्थान स्वास्थ्य बीमा योजना लागू


जयपुर. राजस्थान में आज से आयुष्मान भारत महात्मा गांधी राजस्थान स्वास्थ्य बीमा योजना (Ayushman Bharat-Mahatma Gandhi Rajasthan Health Insurance Scheme) का नवीन चरण लागू कर दिया गया है. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (CM Ashok Gehlot) के मुताबिक यह एक ऐसी अभिनव पहल है जो प्रदेश की लगभग दो तिहाई आबादी की स्वास्थ्य रक्षा के लिए मील का पत्थर साबित होगी. राज्य में पूर्व में संचालित भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना (Bhamashah Health Insurance Scheme) में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना (NFSA) के 98 लाख लाभार्थी परिवारों के साथ ही सामाजिक आर्थिक जनगणना (SECC 2011) के पात्र परिवारों को भी शामिल किया गया है.  जिससे इस योजना का दायरा बढ़ गया है. आयुष्मान भारत महात्मा गांधी राजस्थान स्वास्थ्य बीमा योजना (Ayushman Bharat-Mahatma Gandhi Rajasthan Health Insurance Scheme) के नए चरण में अब 1 करोड़ 10 लाख परिवारों को निःशुल्क उपचार की सुविधा प्रदान की जाएगी. 

बता दें कि इस योजना में वार्षिक प्रीमियम 1750 करोड़ रुपये का लगभग 80 प्रतिशत (1400 करोड़ रुपये) अंशदान राज्य सरकार वहन करेगी. अब प्रति परिवार सालाना नि:शुल्क उपचार सीमा को बढ़ाकर 3.30 लाख के स्थान पर 5 लाख रुपए तथा उपचार के लिए उपलब्ध 1401 पैकेज को बढ़ाकर 1576 किया गया है. सामान्य बीमारियों के लिए 50 हजार तथा गंभीर बीमारियों के लिए 4.50 लाख तक का निःशुल्क इलाज उपलब्ध होगा. सरकारी के साथ-साथ सम्बद्ध निजी तथा राज्य में स्थित भारत सरकार (Center Government) के चिकित्सालयों में भी निःशुल्क इलाज मिलेगा. खास बात है कि भर्ती से 5 दिन पहले और डिस्चार्ज के 15 दिन बाद तक का चिकित्सा खर्च भी निःशुल्क पैकेज में शामिल है.  शनिवार को राजस्थान केेेेे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कई मंत्रियों और अधिकारियों की मौजूदगी में इस योजना की शुरुआत की. इस मौके पर पत्रकारों के सवालों का जवाब भी मुख्यमंत्री ने दिया.