बीवीजी कंपनी का सहायक प्रबंधक 75 हजार रुपए की रिश्वत लेते ट्रेप


जयपुर. बीवीजी कंपनी में किस कदर भ्रष्टाचार फैला है इसकी एक और बड़ी बानगी जयपुर में देखने को मिली. कचरा इकट्ठा करने देने की इजाजत देने के लिए बीवीजी कम्पनी का सहायक प्रबंधक 75 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया. 

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बीवीजी कंपनी के सहायक प्रबंधक राहुल बोडके को गिरफ्तार किया. परिवादी की शिकायत पर एसीबी ने 23 अक्टूबर को रिश्वत मांगने का सत्यापन किया था. तब राहुल बोडके ने रिश्वत के 25 हजार रुपए ले लिए थे. एसीबी के एएसपी आलोक शर्मा को इस मामले में कार्रवाई की कमान सौंपी गई. आलोक शर्मा के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को मंगलवार को 75 हजार की रिश्वत लेते सीधा ट्रेप कर लिया.

एसीबी डीजी बीएल सोनी ने बताया कि परिवादी ने 22 अक्टूबर को इस संबंध में शिकायत दी थी. शिकायत में बताया कि परिवादी द्वारा नगर निगम के कचरा डिपो से री-साइकिल के लिए कचरे से कांच की बोतल, प्लास्टिक और अन्य सामान एकत्र किया जाता है. इस कचरे को एकत्र करने के लिए नगर निगम के अधिकारी बाधा उत्पन्न नहीं करें इसके बदले में बीवीजी कंपनी का सहायक प्रबंधक राहुल बोडके एक लाख रुपए की रिश्वत मांग रहा है. जिसके बाद इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया.