कांग्रेस ब्लैकमेलर्स की पार्टी, शरीफ आदमी के लिए यहां स्कॉप नहीं, राजस्थान कांग्रेस में BJP के कई एजेंट: अशोक तंवर, हरियाणा कांग्रेस पूर्व प्रदेशाध्यक्ष


जयपुर। हरियाणा कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और "अपना भरत मोर्चा" के राष्ट्रीय संयोजक अशोक तंवर का कहना है कि कांग्रेस का जी-23 गद्दारों का समूह है। प्रभारी महासचिव खुद एजेंट बन गए हैं। यह भी कांग्रेस की बर्बादी का प्रमुख कारण रहा है।

अशोक तंवर ने आज अपने नवगठित राजनीतिक दल 'अपना भारत मोर्चा' को राजस्थान में लांच किया।

इस दौरान अशोक तंवर ने कहा कि कांग्रेस एक दिन अपने आप ही खत्म हो जाएगी। कांग्रेसी आपस में ही लड़कर मर रहे हैं। बहुत से कांग्रेसी हैं जो बीजेपी के एजेंट के तौर पर काम कर रहे हैं। राजस्थान में भी बहुत से ऐसे नेता कांग्रेस में मिलेंगे जो बीजेपी को ताकत देने में लगे हैंं।

तंवर यहीं नहीं रुके उन्होंने यह भी कहा कि " कांग्रेस ब्लैकमेलर्स की पार्टी बन गई है। शरीफ आदमी के लिए यहां स्कॉप नहीं है। जो जितना ब्लैकमेल करेगा, दबाव बनाएगा उसे उतना ही फायदा मिलेगा। पंजाब का उदाहरण देख लीजिए जो आज वहां हुआ वह पहले चुनावों में कैप्टन साहब ने किया था। हरियाणा में भूपेंद्र हुडडा ने किया था, हिमाचल में वीरभद्र सिंह ने किया था। राजस्थान सहित सब जगह आपको ऐसे उदाहरण मिल जाएंगे। कांग्रेस हो या बीजेपी अपनी स्वार्थ सिद्धी के लिए किसी भी नेता का गला काट सकते हैंं। प्रभारी महासचिव की संस्था ने कांग्रेस को बर्बाद किया उन्होंने कहा कि जब तक पुराने और युवा नेताओं के बीच संतुलन नहीं होगा तब तक ऐसा ही बैलेंस नहीं होगा तब तक ऐसा ही चलता रहेगा। संतुलन बनाने का एआईसीसी और प्रभारी महासचिवों की जिम्मेदारी होती है। प्रभारी महासचिव तो खुद राज्यों में किसी न किसी नेता के एजेंट बन गए हैं। प्रभारी महासचिव की संस्था ने कांग्रेस को भारी बर्बाद करने का काम किया है।"

बता दें कि अशोक तंवर ने कांग्रेस पार्टी में अंतरकलह और अनदेखी का आरोप लगाते हुए पार्टी छोड़ दी थी। इसके बाद उन्होंने 'अपना भारत मोर्चा' नाम से एक नया राजनीतिक संगठन बनाया। मोर्चा ने हरियाणा में चुनाव भी लड़ा लेकिन सफलता नहीं मिली। अब तंवर राजस्थान में अपनी संभावनाएं देख रहे है। और इसी कड़ी में उनकी यह जयपुर यात्रा थी।