पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना के संबंध में CM शिवराज सिंह चौहान से CM गहलोत ने की बात, दोनों राज्यों में मुख्यमंत्री स्तर की बैठक पर बनी सहमति


जयपुर/भोपाल। पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ERCP) के संबंध में मध्य प्रदेश के CM शिवराज सिंह चौहान से राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बातचीत कर इस मुद्दे को जल्द से जल्द सुलझाने का अगर किया। उन्होंने CM शिवराज सिंह को अवगत करवाया कि 2005 में राजस्थान-मध्य प्रदेश अन्तर्राज्यीय नियंत्रण मण्डल की 13वीं बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार ही ERCP योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। राजस्थान राज्य में चंबल की सहायक नदियों से प्राप्त हो रहे पानी पर आधारित इस प्रोजेक्ट में मध्य प्रदेश से बहकर आने वाले पानी के 10 प्रतिशत से कम हिस्से का उपयोग होगा। अत: वर्ष 2005 में लिए गए निर्णय के अनुसार ऐसी परियोजनाओं के लिए मध्य प्रदेश की सहमति की आवश्यकता नहीं है।

CM गहलोत ने कहा कि पूर्व में राजस्थान ने भी मध्य प्रदेश द्वारा इस प्रकार चंबल एवं सहायक नदियों पर बनाई गई परियोजनाओं में आपत्ति प्रकट नहीं की थी तथा मध्य प्रदेश ने उन नदियों पर बांधों का निर्माण कर लिया। इसी प्रकार ERCP पर भी मध्य प्रदेश का सहयोग अपेक्षित है।

शिवराज सिंह चौहान ने दोनों राज्यों के सभी मुद्दों पर चर्चा एवं सहमति बनाने के लिए दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों के स्तर पर एक बैठक रखने पर सहमति जताई है।