ED द्वारा सोनिया-राहुल गांधी जी को नोटिस देना सत्ता दुरुपयोग कर मोदी सरकार द्वारा किए जा रहे विपक्ष के दमन की पराकाष्ठा: अशोक गहलोत, CM


जयपुर। ED द्वारा नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी को नोटिस जारी करने के मामले की राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने निंदा की है।

उन्होंने कहा कि ED द्वारा सोनिया-राहुल गांधी जी को नोटिस देना सत्ता दुरुपयोग कर मोदी सरकार द्वारा किए जा रहे विपक्ष के दमन की पराकाष्ठा है। अशोक गहलोत ने एक बयान जारी कर कहा कि "आजादी की लड़ाई के दौरान पंडित जवाहर लाल नेहरू ने नेशनल हेराल्ड एवं कौमी आवाज अखबार शुरू किए जिनका आजादी की लड़ाई में बड़ा योगदान रहा है। आजादी के बाद महात्मा गांधी एवं पंडित जवाहर लाल नेहरू ने नवजीवन अखबार शुरू किया था। इन अखबारों की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए किए गए प्रयासों पर आक्षेप लगाकर NDA सरकार कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी एवं श्री राहुल गांधी के खिलाफ बदले की भावना से कार्रवाई कर रही है। पहले से ही अदालत में चल रहे केस में ED द्वारा नोटिस देना सत्ता का दुरुपयोग कर मोदी सरकार द्वारा किए जा रहे विपक्ष के दमन की पराकाष्ठा है। ऐसे नोटिस श्रीमती सोनिया गांधी एवं श्री राहुल गांधी को तानाशाही सरकार के खिलाफ आम आदमी की आवाज उठाने से नहीं रोक सकते।"