जोधपुर सेंट्रल जेल में सजा काट रहे आसाराम बापू की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती, इलाज़ के दौरान ही देने लगे प्रवचन


जोधपुर. यौन शोषण के आरोप में जोधपुर सेंट्रल जेल में सजा काट रहे आसाराम बापू की तबीयत बिगड़ गई जिसके बाद उन्हें अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया. लेकिन यह भी वो अस्पताल स्टाफ और पुलिसकर्मियों को प्रवचन देने लगे और महात्मा गांधी अस्पताल में करीब 3 घंटे यही सिलसिला चलता रहा. आसाराम को देखने के लिए अस्पताल के बाहर समर्थकों की भीड़ भी उमड़ गई.

बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात सेंट्रल जेल में आसाराम को सांस लेने में तकलीफ हुई, जिसकी शिकायत उन्होंने जेल प्रशासन से की. इसके बाद पुलिस वैन में जेल प्रशासन कड़ी सुरक्षा के बीच आसाराम को जेल से अस्पताल लेकर पहुंचा. उधर जैसे ही किसी तरह इस बात की सूचना आसाराम के समर्थकों लग गई, फिर वह अस्पताल के बाहर पहुंच गए.

बता दें कि आसाराम पर जोधपुर के नजदीक एक आश्रम में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का आरोप लगा था. 1 अगस्त 2013 को यह मामला उजागर हुआ तो 31 अगस्त 2013 को पुलिस ने आसाराम को मध्य प्रदेश के इंदौर से गिरफ्तार किया. 25 अप्रैल को जोधपुर की अदालत में दोषी मानते हुए सजा सुनाई गयी थी. तभी से आसाराम बापू जेल में सजा काट रहा है. कई बार आसाराम के वकील ने उनकी जमानत के प्रयास भी किया लेकिन वह विफल रहे.