कार से घसीटे जाने वाली लड़की की मौत पर बोले अरविंद केजरीवाल - "ऐसे लोगों को फांसी मिलनी चाहिए"


नई दिल्ली। दिल्ली में 20 वर्षीय लड़की की स्कूटी को कथित तौर पर कार के टक्कर मारने और फिर कुछ किलोमीटर तक उसे घसीटते चले जाने के बाद हुई लड़की की मौत के मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उन पांच आरोपियों के लिए मौत की सजा की मांग की। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर में सेक्शन 304 (गैर इरादतन हत्या ) जोड़ा गया है। सूत्रों के अनुसार हादसे के एक चश्मदीद ने बताया कि आरोपी अपने वाहन के नीचे फंसी लड़की के शव को 18 से 20 किलोमीटर तक यूं ही घसीटते रहे और यह करीब डेढ़ घंटे तक ये सब चलता रहा।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस मामले को दुर्लभ से दुर्लभतम बताते हुए कहा, "महिला के साथ जो हुआ वह बहुत ही शर्मनाक है और इन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्हें फांसी दी जानी चाहिए।" मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उपराज्यपाल से बात की। केजरीवाल के मुताबिक उप राज्यपाल ने कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया। इस बारे में खुद अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, "कंझावला कांड पर माननीय एलजी से बात कर उनसे दोषियों के खिलाफ अनुकरणीय कार्रवाई करने का अनुरोध किया, उनके खिलाफ आईपीसी की सख्त से सख्त धाराएं लगाई जानी चाहिए। भले ही उनके उच्च राजनीतिक संबंध हों, कोई नरमी नहीं दिखानी चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह कड़ी कार्रवाई करेंगे।'