जयपुर रेंज पुलिस को बड़ी कामयाबी, टेलीग्राम एप से देशविरोधी गतिविधियों का संचालन कर युवाओं को आतंकवाद से जोड़ने का आरोपी गिरफ्तार


जयपुर. लोगों को आतंकवादी गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित करने वाले एक आरोपी असरूदीन को जयपुर ग्रामीण रेंज पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी पर देश विरोधी गतिविधियों के संचालन का आरोप है. बताया जा रहा है यह व्यक्ति टेलीग्राम ग्रुप पर 'इस्लामिक मीडिया' नाम से ग्रुप बनाकर युवाओं को उससे जोड़ रहा था और आतंकवादी गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहा था.

लम्बे समय से आईजी हवासिंह घुमरिया के नेतृत्व में इस आरोपी पर नजर रखी जा रही थी जिसके बाद यह कार्रवाई की गई. आरोपी की उम्र तीस साल है और बैंगनहेडी, तिजारा थाना क्षेत्र का रहने वाला है. इसी क्षेत्र से इसे गिरफ्तार किया गया है. देश विरोधी आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है. बडी बात यह रही कि इस पूरी कार्रवाई में राजस्थान पुलिस की निरीक्षक कविता शर्मा की भूमिका काफी अहम रही, जो अभी जयपुर रेंज के साइबर सेल कार्यालय की प्रभारी हैं. 

बता दें कि कविता शर्मा ने एटीएस से आरपीए में जाने के बाद भी इस आरोपी पर कड़ी नजर रखी और अपनी किसी भी पोस्टिंग के दौरान इस आरोपी का पीछा नहीं छोड़ा. जिसके बाद यह कामयाबी हासिल हुई है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धांत शर्मा ने नेतृत्व में इस आरोपी को स्पेशल टीम ने तिजारा क्षेत्र में छापा मारकर पकड़ा. 

जयपुर रेंज आईजी हवासिंह घुमरिया ने बताया कि असरूदीन जमात में महाराष्ट्र गया था, जहां कश्मीर के कुछ लोगों के सम्पर्क में आया. जिनके विचारों से प्रेरित होकर सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को जोड़ना शुरू किया. और प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन जैश ए मोहम्मद, अलकायदा, आईएसआईएस की नीतियों को प्रसारित कर लोगों को जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहा था. यह पाकिस्तान, बर्मा, ईरान आदि देशों के नम्बरों से भी जुड़ा हुआ है जिनके बारे में अनुसंधान किया जा रहा है. यह भी अनुसंधान का विषय है कि क्या सच में इसने किन्हीं लोगों को आतंकी संगठनों में भेजा या महज यह टेलीग्राम ग्रुप तक ही सीमित था.