मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के बाहर विस्फोटक मिलने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। मामले में गिरफ्तार मुंबई पुलिस के पूर्व अधिकारी सचिन वझे से पूछताछ NIA को ऐसे सबूत मिले हैं जो हर किसी को चौंका देंगे। मामले में अब एक और बड़ा नया खुलासा हुआ है। बताया गया है कि सीसीटीवी फुटेज में पीपीई किट पहने जो शख्स नजर आ रहा था, वह और कोई नहीं, वह खुद सचिन वझे ही थे। सूत्रों के मुताबिक उन्होंने यह भी बताया कि पीपीई किट को उन्होंने ही नष्ट कर दिया था। इतना ही नहीं पीपीई किट के भीतर वझे ने जो कपड़े पहने थे, वह भी बरामद किए जा चुके हैं। NIA के आईजी अनिल शुक्ला के मुताबिक जांच एजेंसी ने एक काले रंग की मर्सीडीज वेंज जब्त की है। जिसमें स्कॉर्पियो की नंबर प्लेट, पांच लाख से ज्यादा की नकदी, एक नोट गिनने वाली मशीन के अलावा कुछ कपड़े भी बरामद किए गए हैं। इस कार का इस्तेमाल सचिन वझे करते थे लेकिन यह किसकी है, उनके पास कैसे और कहां से आई, इसकी जांच की जा रही है।