नूपुर शर्मा के समर्थन में पोस्ट पर एक और हत्या का खुलासा! अमरावती में केमिस्ट का गला काटा, मुख्य आरोपी इरफान खान सहित 7 गिरफ्तार


अमरावती। उदयपुर हत्याकांड जैसे ही एक और मामले का खुलासा महाराष्ट्र के अमरावती में हुआ है। जहां नूपुर शर्मा के समर्थन में एक समुदाय विशेष के ग्रुप में पोस्ट डालने पर एक केमिस्ट का गला काटकर हत्या कर दी गई।

इस मामले की जांच भी राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंप दी गई है। केंद्र ने यह फैसला इस आशंका के मद्देनजर लिया है कि केमिस्ट की हत्या भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से निलंबित नुपुर शर्मा के समर्थन में सोशल मीडिया पोस्ट का परिमाण हो सकती है।

गौरतलब है कि उमेश कोल्हे की 21 जून को हत्या कर दी गई थी। इस घटना के सिलसिले में पहले ही 6 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। महाराष्ट्र पुलिस ने अब तक अमरावती हत्याकांड के सिलसिले में मुख्य आरोपी इरफान सहित 7 लोगों को गिरफ्तार किया है।

मुख्य आरोपी इरफान एक एनजीओ चलाता है। पुलिस के मुताबिक केमिस्ट उमेश कोल्हे ने भाजपा की निलंबित प्रवक्ता नुपुर शर्मा के समर्थन में सोशल मीडिया पर कथित तौर पर कुछ टिप्पणी की थी। इसी की पृष्ठभूमि में ऐसी आशंका जतायी जा रही है कि खान ने केमिस्ट की हत्या की साजिश रची है। कोल्हे की हत्या 21 जून की रात 10 बजे से 10.30 बजे के बीच कर दी गयी, जब वह अपनी दुकान बंद कर दोपहिया वाहन से घर लौट रहे थे।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया नूपुर शर्मा के समर्थन में पोस्ट के कारण यह हत्या हुई है। हालांकि पुलिस पर आरोप है कि पुलिस ने इस मामले को अब तक दबाए रखा और आज इसका खुलासा हुआ है कि उसका चाकू से गला काटकर हत्या कर दी गई।

गृह मंत्रालय के एक प्रवक्ता कहा कि एनआईए हत्या की साजिश और इस घटना के तार अंतरराष्ट्रीय संगठनों से जुड़े होने की भी गहन जांच करेगी।

बता दें कि हाल में राजस्थान के उदयपुर में एक दर्जी कन्हैयालाल की दो लोगों ने हत्या कर दी थी। इस मामले की जांच भी एनआईए कर रही है। अपनी हत्या से कुछ दिनों पहले उदयपुर के दर्जी ने स्थानीय पुलिस से कहा था कि उसे सोशल मीडिया पर नुपुर शर्मा की टिप्पणी के समर्थन में पोस्ट किये जाने को लेकर धमकी मिल रही है।