आंगनबाड़ी केन्द्रों के आएंगे अच्छे दिन, पूरक पोषाहार आपूर्ति सुधारने के लिए बनाई गई मजबूत रणनीति


जयपुर। राजस्थान के आंगनबाड़ी केंद्रों पर पूरक पोषाहार व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। इसके लिए सघन मॉनिटरिंग और चेकिंग अभियान भी चलाया जाएगा ताकि बच्चों तक पहुंचने वाला पोछाहार गुणवत्तापूर्ण रहे और बच्चों के पोषण में कारगर रहे।

महिला एवं बाल विकास शासन सचिव दिनेश कुमार यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को महिला अधिकारिता निदेशालय के काॅन्फ्रेन्स हाॅल में आंगनबाड़ी केन्द्रों पर पूरक पोषाहार आपूर्ति की व्यवस्था के सम्बन्ध में बैठक आयोजित की गई।

यादव ने बैठक में राज्य के समस्त जिलों में कार्यरत प्रभारी उपनिदेशकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि कोरोना महामारी के चलते लाभार्थियों को घरों पर गेहूं, चावल, दाल के रूप में पैकेट दिए जा रहे थे। यह व्यवस्था टेम्परेरी थी, अब राज्य में गुणवत्ता युक्त पोषाहार की नई व्यवस्था प्रारंभ की गई है।

उन्होंने निर्देश दिए पूर्ण मात्रा और गुणवत्ता युक्त पोषाहार लाभार्थियों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर निदेशक आईसीडीएस रामअवतार मीणा ने बताया गुणवत्ता युक्त पोषहार वितरण के साथ ही विभाग के अन्य विषयों पर भी अधिकारियों से चर्चा की गई है। जैसे आंगनबाड़ी के बच्चों की संख्या बढ़ाना, आंगनबाड़ी समय पर संचालित हो और सुव्यवस्थित चलाई जाये आदि।

उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी मानदेय कर्मियों का चयन, आंगनबाड़ी मानदेय कर्मियों के मानदेय का भुगतान, आंगनबाड़ी मानदेय कर्मियों का प्रशिक्षण, आंगनबाड़ी केंद्रों का किराया, शाला पूर्व शिक्षा, पूरक पोषाहार वितरण, इंदिरा गांधी मातृत्व पोषण योजना, आंगनबाड़ी केंद्रों में विद्युत कनेक्शन की प्रगति, आंगनबाड़ी केंद्रों के निरीक्षण/ अधिकारियों के भ्रमण, शिकायत एवं जांच प्रकरण, उड़ान योजना के लिए लोहे के बक्से क्रय करने की समीक्षा की गई।