नई दिल्ली। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण 1 जनवरी 2024 तक पूरा हो जाएगा। यह ऐलान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने त्रिपुरा में भाजपा की जन विश्वास यात्रा की सभा में किया। शाह बोले- 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान में भाजपा का अध्यक्ष था और राहुल बाबा कांग्रेस के अध्यक्ष थे। वे रोज पूछते थे- मंदिर वहीं बनाएंगे, तिथि नहीं बताएंगे। तो राहुल बाबा कान खोलकर सुन लो 1 जनवरी 2024 को अयोध्या में गगनचुंबी राम मंदिर आपको तैयार मिलेगा।
सिर्फ राम मंदिर नहीं, एकाध साल दो साल जाने दीजिए मां त्रिपुर सुंदरी का मंदिर भी ऐसा भव्य बनेगा कि पूरी दुनिया यहां देखने आएगी। काशी विश्वनाथ का कॉरिडोर बनाया, महाकाल का कॉरिडोर बनाया। सोमनाथ और अंबा जी का मंदिर सोने का हो रहा है। मां विंध्यवासिनी का मंदिर नया बन रहा है। शाह ने राम मंदिर के निर्माण और उसके उद्घाटन की घोषणा को लेकर कहा कि कांग्रेस ने अदालतों में राम मंदिर के निर्माण में बाधा डाली। सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंदिर का निर्माण शुरू किया।
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में ही देश में लोकसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में राम मंदिर के उद्घाटन की तारीख को भाजपा के वोट पॉलिटिक्स से भी जोड़कर देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में 5 अगस्त 2020 को राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन किया और मंदिर की आधारशिला रखी थी। सुप्रीम कोर्ट ने 2019 में दशकों पुराने मुद्दे का समाधान करते हुए अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का मार्ग रास्ता साफ किया था।