तालिबान के खिलाफ अजमेर दरगाह दीवान, बोले- इस्लाम को बदनाम कर रहा तालिबान


अजमेर। तालिबान के खिलाफ अजमेर दरगाह दीवान सैयद जैनुल आबेदीन ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि तालिबान शरीयत के नाम पर आतंक कर इस्लाम को बदनाम कर रहा है। तालिबान की आतंकी और तानाशाही हरकतों से दुनिया में इस्लाम के प्रति दुर्भावना फैलाई जा रही है।

पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान क्रूर तालिबान शासकों के हाथ आ गया है। इसके साथ ही इस देश में भारी तबाही, औरतों पर बंदिशें और मामूली अपराधियों को अंग-भंग कर देने का शासन शुरू हो गया। शरीयत के कानून के नाम पर यह सब करना इस्लाम में अपराध है। इसका समर्थन नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि हमारे पड़ोसी देश अफगानिस्तान में क्या चल रहा है, यह हम सभी के लिए एक सबक है। हमें राष्ट्र हित को हमेशा ऊपर रखना चाहिए। हमारा पहला कर्तव्य हमारे देश को बचाना, देश में एकता और अमन कायम रखना होना चाहिए। बाद में हमें अपने बारे में सोचना चाहिए। दरगाह दीवान के इस बयान की पूरे देश मे सराहना की जा रही है।