पायलट कांग्रेस के एसेट और स्टार प्रचारक, प्रियंका गांधी से टाइम मांगे और टाइम नहीं मिले, ऐसा संभव ही नहीं: अजय माकन


दिल्ली। राजस्थान कांग्रेस में चल रहे सियासी घमासान के बीच में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अजय माकन का बड़ा बयान आया है। इस पूरे सियासी घटनाक्रम पर दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अजय माकन ने कहा कि राजस्थान कांग्रेस की राजनीति को लेकर यह जो भी बातें सामने आ रही है वह तथ्यहीन हैं।

अजय माकन ने कहा कि सचिन पायलट कांग्रेस के एक बड़े लीडर हैं, एसेट हैं और स्टार प्रचारक हैं, ऐसे में वह प्रियंका गांधी से समय चाहें और उन्हें टाइम ना मिले ऐसा कैसे संभव हो सकता है।

अजय माकन ने कहा कि प्रियंका गांधी 10 दिन से दिल्ली में हैं ही नहीं। और जब दिल्ली में हैैं ही नहीं तो सचिन पायलट से मिलने का कैसे बैठेगा?

माकन ने कहा कि इसके अलावा सचिन पायलट की प्रियंका गांधी, मुझसे और संघठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से लगातार बातचीत हो रही है, कम्युनिकेशन गैप जैसी कोई बात नहीं है। लगातार बात हो रही है।