जोधपुर में सिलेण्डर में विस्फोट से 4 की मौत के बाद कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश


जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर में शनिवार को दर्दनाक हादसे में 4 लोगों की जान चली गई और 16 घायल हो गए। माता का थाना क्षेत्र में मगरा पुंजला इलाके दोपहर एक मकान से जोरदार धमाके की आवाजें आईं। इसके बाद एक एक करके कई धमाके हुए। धमाकों की गूंज काफी दूर तक सुनाई दी। कई आसपास के घरों में भी जोरदार कंपन हुआ।

घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई। पहले लोगों ने इसे भूकम्प समझा लेकिन कुछ ही देर में पता चला कि सिलेण्डर में आग से विस्फोट हुआ है। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है. वहीं 16 लोग घायल बताए जा रहे हैं.

सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कलेक्टर ने इस मामले में जांच के आदेश से दिए हैं वहीं कलेक्टर से मुख्यमंत्री ने हादसे पर फिडबैक भी लिया।

बताया गया है कि कीर्ति नगर इलाके में भोमाराम लोहार गैस के सिलेंडरों का काम करता था और सिलेंडरों की सप्लाई भी करता था। भोमाराम अपनी पिक अप लेकर घर पहुंचा था जिसमें गैस के सिलेंडर थे वहीं कुछ सिलेंडर घर में बताए जा रहे हैं जिन में अचानक आग लग गई और एक के बाद एक आधा दर्जन धमाके हुए। घर में मौजूद लोग धमाकों के बाद बाहर भागे लेकिन जब तक वह बुरी तरह झुलस चुके थे। घर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई वहीं 16 लोग घायल हुए हैं जिन्हें महात्मा गांधी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में लाया गया है सूचना मिलने के बाद जिला कलेक्टर हिमांशु गुप्ता, विधायक मनीषा पवार, महापौर उत्तर कुंती देवड़ा, पुलिस कमिश्नर रविदत्त गौड़ सहित सभी अधिकारी महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचे डॉक्टर को घायलों का उचित इलाज करने के दिशा निर्देश दिए हैं।