नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्ला खान के बाद दिल्ली में उनके बिजनेस पार्टनर हामिद अली को भी गिरफ्तार किया गया है। आर्म्स एक्ट के तहत दक्षिण पूर्वी दिल्ली पुलिस ने हामिद अली को गिरफ्तार किया। पुलिस को हामिद अली के घर से एक बेरेटा पिस्तौल, गोलियां और 12 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई है।
बता दें कि अमानतुल्ला खान और उनके सहयोगियों के खिलाफ तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं। शुक्रवार को दिल्ली की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने अमानतुल्ला खान के परिसरों के अलावा हामिद अली के ठिकानों पर भी छापा मारा था. हामिद अली और कौशर इमान सिद्दीकी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मामले दर्ज किए गए हैं। कौशर इमाम सिद्दीकी के ठिकाने से एक देसी तमंचा और तीन जिंदा कारतूस बरामद मिले हैं। हालांकि सिद्दीकी अभी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। तीसरा मामला एसीबी ने छापेमारी में बाधा डालने का भी दर्ज किया गया है। छापेमारी करने वाली एसीबी टीम का आरोप है कि अमानतुल्ला के रिश्तेदारों और परिचितों ने जांच के दौरान उन पर हमला किया था और जांच को प्रभावित करने की कोशिश की।
गौरतलब है कि एसीबी दो साल पुराने भ्रष्टाचार के मामले में जांच कर रही है। 2020 में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अमानतुल्ला खान के खिलाफ दिल्ली वक्फ बोर्ड भर्ती में कथित अनियमितताओं के आरोप लगे थे। अमानतुल्ला खान दिल्ली वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष भी हैं। एसीबी को अमानतुल्ला खान के घर और अन्य ठिकानों से छापेमारी के दौरान 24 लाख रुपये नकद और एक बगैर लाइसेंस हथियार बरामद हुआ है। मामले में एसीबी ने दिल्ली के उपराज्यपाल के सचिवालय को पत्र लिखकर अमानतुल्ला खान वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष पद से हटाने का आग्रह किया था, ताकि अमानतुल्ला खान ने गवाहों को धमकाकर जांच को प्रभावित करने की कोशिश ना कर सकें।
उधर आम आदमी पार्टी ने का आरोप है कि बीजेपी साजिश के तहत आप विधायक को जबरन फंसा रही है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर लिखा, 'पहले इन्होंने सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया। कोर्ट के बार बार पूछने पर भी ये कोई सबूत पेश नहीं कर पा रहे। फिर मनीष के घर रेड की, कुछ नहीं मिला। अब अमानतुल्लाह को गिरफ्तार किया है, अभी और भी कई MLAs को गिरफ्तार करेंगे। गुजरात में लगता है इन्हें तकलीफ बहुत ज्यादा हो रही है।'