जयपुर। गांधी जयन्ती के मौके पर राजस्थान में ’प्रशासन गांवों के संग’ एवं ’प्रशासन शहरों के संग’ अभियान की शुरूआत की गई है. इन अभियानों में लगने वाले शिविरों के माध्यम से अधिकारियों को प्रदेश के गरीब एवं वचिंत वर्गों को राहत प्रदान करने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिए हैं. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने कहा था कि हमारे किसी भी निर्णय का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को मिलना चाहिए। इसी भावना के साथ आज इस अभियान का शुरू किया गया है.
गहलोत ने शनिवार को मुख्यमंत्री निवास से गांधी जयन्ती के अवसर पर दोनों अभियानों के राज्य स्तरीय शुभारंभ समारोह का आगाज किया और पांच लाभान्वितों को पट्टे वितरित कर दोनों अभियानों का राज्य स्तर पर आगाज किया.
कार्यक्रम की शुरूआत में गहलोत ने गांधी जी के चित्र के समक्ष द्वीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने प्रशासन गांवों के संग एवं शहरों के संग अभियान की मार्गदर्शिका, सर्वोदय विचार परीक्षा से संबंधित ई-बुकलेट तथा भवन विनियम कम्पेडियम का विमोचन भी किया। साथ ही, राजस्थान आवासन मण्डल के मोबाइल एप की लॉन्चिग एवं इंदिरा गांधी शहरी क्रडिट कार्ड योजना के लाभार्थी पंकज शर्मा को कार्ड वितरित किया।
मुख्यमंत्री ने राज्य स्तरीय लॉन्चिंग के बाद कौशल्या देवी एवं पुष्पा देवी को जेडीए का आवासीय पट्टा, जेसी प्रसाद को आवासन मण्डल का, जड़ाव देवी को नगर-निगम ग्रेटर तथा नेहा को नगर-निगम हैरिटेज का पट्टा वितरित किया।
अभियान के लोगो डिजाइन के लिए श्वेता सालूंखे एवं उपासना पाण्डे, टैगलाइन के लिए ऋतिक सिंह राठौड़, एक्रोनिंग के लिए मनीष महात्मा एवं लोगो के वृत्ताकार डिजाइन के लिए पूनम शर्मा को प्रमाण-पत्र एवं नकद पुरस्कार से सम्मानित किया.
कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री श्री शांति धारीवाल ने कहा कि अभियान में लगने वाले शिविरों में आमजन को अधिक से अधिक राहत देने के लिए नियमों एवं परिपत्रों का सरलीकरण किया गया है। शिविरों में लाभार्थियों को भू-उपयोग के अनुसार अलग-अलग रंग के पट्टे दिये जाएंगे. आवेदन ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों तरीकों से किया जा सकेगा. उन्होंने बताया कि पहली बार अभियान के दौरान टाउन प्लानर एवं अभियंताओं को नगर मित्र बनाया गया है, जो पट्टा लेने आए आवेदकों को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराएंगे.
मुख्य सचिव निरंजन आर्य ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जिस भावना से यह अभियान शुरू किया गया है, उसके अनुरूप कार्य करते हुए प्रशासन अभियान को सफल बनाने में कोई कमी नहीं रखेगा। प्रमुख शासन सचिव राजस्व आनंद कुमार ने प्रशासन गांवों के संग अभियान में होने वाले कार्यों की रूप-रेखा प्रस्तुत की. उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान 22 विभागों के विभिन्न तरह के कार्य होंगे. प्रमुख शासन सचिव यूडीएच कुंजीलाल मीणा ने प्रशासन शहरों के संग अभियान की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान पहली बार पुरानी आबादी के फ्री होल्ड पट्टे वितरित होेंगे. इसके अलावा युवाओं को इंदिरा गांधी शहरी क्रेडिट कार्ड योजना में 50 हजार रूपए तक ब्याज मुक्त ऋण बिना गारंटी के वितरित किया जाएगा.