जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) जोन-4 की महिला उपायुक्त, जे.ई.एन., सहायक प्रशासनिक अधिकारी, सहायक लेखाधिकारी एवं संविदाकर्मी 1 लाख 10 हजार रूपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। ए.सी.बी. मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी की जयपुर एसआईयू इकाई द्वारा आज जयपुर में कार्यवाही करते हुए जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) जोन-4 की महिला उपायुक्त, जेईएन, सहायक प्रशासनिक अधिकारी, सहायक लेखाधिकारी एवं संविदाकर्मी को 1 लाख 10 हजार रूपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि ए.सी.बी. कि जयपुर एसआईयू इकाई को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि मैंने 400 वर्ग गज भूमि का आवासीय पट्टा प्राप्त करने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) में आवेदन कर रखा है, साथ ही मेरे पड़ोसियों ने भी आवासीय पट्टे हेतू आवेदन किया हुआ है। मेरी व मेरे पड़ोसियों की भूमि का आवासीय पट्टा जारी करने की एवज में जेडीए जोन-4 की उपायुक्त ममता यादव तथा जे.ई.एन. श्याम मालू द्वारा पृथक-पृथक 3.5-3.5 लाख रूपये रिश्वत राशि की मांग कर परेशान किया जा रहा है। जिस पर ए.सी.बी. की जयपुर एसआईयू इकाई के अति0 पुलिस अधीक्षक बजरंग सिंह के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया जाकर आज दिनांक 07.02.2022 को सचिन शर्मा उप पुलिस अधीक्षक मय टीम द्वारा जयपुर में ट्रैप कार्यवाही करते हुये आरोपीयान ममता यादव हाल उपायुक्त जे.डी.ए. जोन-4 जयपुर, श्याम मालू हाल जे.ई.एन. जे.डी.ए., रामतूफान मुंडोतिया हाल सहायक लेखाधिकारी जे.डी.ए., विजय मीणा पुत्र हाल सहायक प्रशासनिक अधिकारी जे.डी.ए., अखिलेष कुमार हाल संविदाकर्मी कंप्यूटर ऑपरेटर जे.डी.ए. जयपुर को 1 लाख 10 हजार रूपये की रिश्वत राशि लेते गिरफ्तार किया गया। एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एम.एन. के निर्देशन में आरोपीयान के निवास एवं अन्य ठिकानों की तलाशी ली गई। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा।