जयपुर. राजस्थान एंटी करप्शन ब्यूरो ने शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आरएएस भर्ती परीक्षा-2018 में अच्छे अंक दिलाने के नाम पर रिश्वत लेते राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर के कनिष्ठ लेखाकार को 1 लाख रूपए की रिश्वत लेते हुए ट्रेप कर गिरफ्तार कर लिया. एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर जयपुर-तृतीय इकाई द्वारा अजमेर में कनिष्ठ लेखकार सज्जन सिंह गुर्जर पर यह कार्रवाई की गई.परिवादी से कुल 23 लाख रुपये (1 लाख रुपये भारतीय मुद्रा एवं 22 लाख डमी मुद्रा) रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया.
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि एसीबी की जयपुर-तृतीय इकाई को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि आर.ए.एस. प्रतियोगी परीक्षा-2018 के साक्षात्कार में अच्छे अंक दिलवाने एवं सलेक्शन करवाने की एवज में सज्जन सिंह गुर्जर द्वारा 25 लाख रुपये रिश्वत राशि मांगी जा रही है. जिस पर एसीबी जयपुर-तृतीय इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हिमांशु कुलदीप के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया जाकर आज उप अधीक्षक पुलिस सुरेश कुमार स्वामी एवं उनकी टीम द्वारा ट्रेप की कार्यवाही करते परिवादी से 23 लाख रुपये (1 लाख रुपये भारतीय मुद्रा एवं 22 लाख डमी मुद्रा) रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया. साथ ही प्रकरण में शामिल संदिग्ध लोगों की तलाश जारी है.
एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एम.एन. के निर्देशन में आरोपी के आवास एवं अन्य ठिकानों की ए.सी.बी. टीमों द्वारा तलाशी जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा.
बहरहाल इस पूरी कार्रवाई के बाद राजस्थान लोक सेवा आयोग की कार्यशैली भी संदेश के घेरे में है, क्योंकि आयोग का ही कर्मचारी इसमें ट्रेप हुआ है, सूत्रों के मुताबिक आरोपी से जुड़े कई अन्य संदिग्ध नामों पर भी एसीबी तफ्तीश में जुटी है.