भ्रष्टाचार के खिलाफ देश का सबसे बड़ा महाअभियान, राजस्थान एसीबी ने फिर तोड़ा अपना ही पुराना रिकॉर्ड


जयपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ देश में सबसे बड़ा महाअभियान चला रही राजस्थान एसीबी लगातार अपने ही रिकॉर्ड तोड़ते जा रही है। राजस्थान ACB के डीजी बीएल सोनी के नेतृत्व में राजस्थान एसीबी के इतिहास में अब तक की सबसे ज्यादा संख्या में कार्रवाइयां की गई। इनमें कई बड़े अधिकारियों से लेकर दलालों तक को ट्रैप किया गया।

राजस्थान एसीबी ने वर्ष 2022 के पहले चार माह में (जनवरी से अप्रैल) 156 प्रकरण भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (पी.सी. एक्ट) में दर्ज कर अपने पिछले वर्ष का रिकाॅर्ड तोड़ा है।

1 जनवरी से 30 अप्रैल तक 150 ट्रैप के, 5 आय से अधिक सम्पति के और 1 प्रकरण पद के दुरूपयोग का सहित कुल 156 प्रकरण दर्ज किए गए। गत वर्ष 2021 में इसी अवधि में 141 प्रकरण दर्ज किये गये थे, जिनमें 130 ट्रेप के, 4 आय से अधिक सम्पत्ति के व 7 पद के दुरूपयोग के थे। वर्ष 2020 में यह संख्या 65 थी जिनमें 50 ट्रेप के, 4 आय से अधिक संपत्ति के व 13 पद के दुरूपयोग के थे।

इसी प्रकार निस्तारण में भी ए.सी.बी. ने रिकाॅर्ड कार्यवाही कर जनवरी से अप्रेल तक 166 प्रकरणों में न्यायालयों में अनुसंधान रिपोर्ट नतीजा पेश किया है, जिनमें 144 चालान व 22 एफ.आर. शामिल हैं। वर्ष 2021 में 101 चालान, 15 एफ.आर. कुल 116 में तथा वर्ष 2020 में 80 चालान, 10 एफ.आर. कुल 90 प्रकरणों में इस अवधि में अन्तिम निस्तारण न्यायालयों में पेश किया गया।

भ्रष्टाचार के विरूद्ध दर्ज प्रकरणों में काफी संख्या में भ्रष्टाचार से पीड़ित परिवादियों ने एसीबी की हैल्पलाईन 1064 व व्हाटसएप हैल्पलाईन 9413502834 पर सूचना देकर ए.सी.बी. से भ्रष्ट लोक सेवकों और दलालों को रंगे हाथों पकड़ा गया है।

राजस्थान एसीबी के डीजी बीएल सोनी ने साफ कहा कि उनका मकसद सिर्फ भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई करना है। इस दौरान इस बात का भी विशेष ध्यान रखा जाता है कि कहीं कोई निर्दोष तो द्वेषतापूर्ण तरीके से फंसाया नहीं जा रहा। ट्रैप के बाद भी आरोपियों को उनकी बात और वास्तविक तथ्य रखने का पूरा मौका दिया जाता है।