राजस्थान में एम्बुलेंस सेवा ठप, अपनी मांगों को लेकर कार्मिक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर


जयपुर। पिछले लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत राजस्थान एंबुलेंस कर्मचारी यूनियन ने मंगलवार शाम 8:00 बजे से पूरे राजस्थान में एंबुलेंस सेवाओं का संचालन बंद कर दिया। प्रदेशभर में 108 और 104 एम्बुलेंस का संचालन बंद होने के साथ ही राजस्थान सरकार ने पूरे प्रदेश भर में वैकल्पिक व्यवस्थाओं को मजबूत कर दिया है। ताकि किसी भी तरह से मरीजों को परेशानी ना हो। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि 'एंबुलेंस कर्मचारी काफी समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार से झूठे आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। हमने चेतावनी दी थी कि 22 फरवरी तक कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 23 फरवरी को पूरे प्रदेश में एंबुलेंस सेवा बंद कर दी जाएगी। इसके लिए मिशन निदेशक को चेतावनी पत्र भी दिया गया था।' कर्मचारियों की मांग है कि 20 फीसदी बढ़ा हुआ वेतन का एरियर दिलवाने व 8 घंटे का कार्य समय लागू करवाने की मांगों को लेकर पूरे प्रदेश में एंबुलेंस सेवा अनिश्चित काल के लिए बंद रहेगी। 24 फरवरी सुबह 22 गोदाम पेट्रोल पंप के पास प्रदेशभर के कर्मचारी धरना देंगे। जब तक मांगे पूरी नहीं होती तब तक एंबुलेंस सेवा प्रदेशभर में बंद रहेगी।