जयपुर। इलाहाबाद विश्वविद्यालय से कॉमर्स से स्नातक, चरण सिंह विश्वविद्यालय के मेरठ कॉलेज से एलएलबी की पढाई करने वाले जस्टिस पंकज मिथल राजस्थान हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस बन गए हैं। पंकज मिथल 2006 को इलाहाबाद हाईकोर्ट में एडिशनल जज बने और 2 जुलाई 2008 को परमानेंट जज बने। 4 जनवरी 2021 को जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस पद की शपथ ली। इलाहाबाद हाईकोर्ट में जज के रूप में नियुक्त होने से पहले तक पंकज मिथल यूपी आवास विकास परिषद, लखनऊ और अंबेडकर यूनिवर्सिटी, आगरा में 1990 से फरवरी 2006 तक स्टैंडिंग काउंसिल रह चुके हैं।
जयपुर स्थित राजभवन में समारोह में उन्हें राज्यपाल कलराज मिश्र ने CJ पद की शपथ दिलाई, हिंदी भाषा में उन्होंने शपथ ली। जस्टिस मिथल राजस्थान हाईकोर्ट के 40वें चीफ जस्टिस बने हैं। इस समारोह में CM अशोक गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी, नेता प्रतिपक्ष गुलाब चन्द कटारिया, मुख्य सचिव, मंत्रिमंडल सदस्य, जनप्रतिनिधि, हाईकोर्ट जज, अधिकारी, एडवोकेट्स और जस्टिस मिथल के परिजन और कई प्रबुद्धजन मौजूद रहे।
बता दें कि जस्टिस पंकज मिथल से पहले जस्टिस एसएस शिंदे राजस्थान हाईकोर्ट के CJ थे जो 1 अगस्त 2022 को रिटायर हो गए थे। उनके बाद एक्टिंग चीफ जस्टिस के तौर पर जस्टिस एमएम श्रीवास्तव कार्यभार संभाल रहे थे। सितंबर 2022 के आखिरी सप्ताह में चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (सीजेआई) यूयू ललित की अध्यक्षता में हुई सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की बैठक में जस्टिस पंकज मिथल का ट्रांसफर जम्मू कश्मीर हाईकोर्ट से राजस्थान हाईकोर्ट में करने की सिफारिश की थी। इसके बाद केंद्रीय लॉ मिनिस्ट्री ने 11 अक्टूबर को जस्टिस पंकज मिथल का तबादला राजस्थान हाईकोर्ट करने का आदेश निकाला। और अब वो राजस्थान के चीफ जस्टिस बने।