जयपुर/जालोर। राजस्थान SOG ने REET पेपर लीक मामले में जालोर के एक पत्रकार को गिरफ्तार किया है। यह पत्रकार एक न्यूज चैनल से जुड़ा है। लगातार हो रही कार्रवाई के डर से पिछले कुछ दिनों से यह पत्रकार अंडरग्राउंड था। अब तक रीट पेपर लीक मामले में कुल 40 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। SOG को बीते कुछ दिनों से जालोर के पत्रकार बबलू मीना की तलाश थी जिसे शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। पत्रकार बीते 10-15 दिनों से अंडर ग्राउंड था। बता दें कि सांचौर निवासी उदाराम की गिरफ्तारी के बाद खुलासा हुआ था कि REET पेपर बाड़मेर में कई अभ्यर्थियों के पास पहुंचा था। SOG ने कड़ी से कड़ी मिलाते हुए बाड़मेर के ठेकेदार भजनलाल व उसकी भतीजी को गिरफ्तार किया था। इसके बाद से ठेकेदार भजनलाल के कनेक्शन वाले सभी लोग अंडरग्राउंड हो गए थे। SOG ने 5 फरवरी को सांचौर में तीन जिलों की पुलिस के साथ तीन घंटे मीटिंग की। उसके बाद से अंडरग्राउंड आरोपियों को पकड़ने के लिए सर्च ऑपरेशन चला रही है। कुछ दिन पहले भी भीनमाल से ग्रामसेवक नरेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया था। एसओजी एडीजी अशोक राठौड़ ने बताया कि ग्राम विकास अधिकारी (VDO) नरेंद्र से पूछताछ व जांच में सामने तथ्यों में रीट पेपर लीक में जालोर के पत्रकार की भूमिका संदिग्ध पाई गई। इसके बाद पत्रकार बबलू मीना को गिरफ्तार किया गया। बबलू मीना दौसा जिले का रहने वाला है। बबलू 10 वर्षों से जालोर जिले में पत्रकारिता कर रहा है। एसओजी जांच में सामने आया है कि बबलू मीना ने रीट की परीक्षा भी दी थी।