देश में एफएम कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए 91 नए 100वॉट एफएम ट्रांसमीटरों का उद्घाटन


नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 91 नए 100वॉट एफएम ट्रांसमीटरों का उद्घाटन किया। इस उद्घाटन से देश में रेडियो कनेक्टिविटी को और बढ़ावा मिलेगा। सभा को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में कई पद्म पुरस्कार विजेताओं की उपस्थिति का उल्लेख किया और उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूरे भारत का एफएम बनने की दिशा में आकाशवाणी द्वारा एफएम सेवाओं के विस्तार के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उन्होंने रेखांकित किया कि आकाशवाणी द्वारा 91 एफएम ट्रांसमीटरों की शुरुआत देश के 85 जिलों और 2 करोड़ लोगों के लिए एक उपहार की तरह है। प्रधानमंत्री ने कहा, एक तरह से, यह उपहार भारत की विविधता और विभिन्न रंगों की झलक प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि नए 91 एफएम ट्रांसमीटरों के तहत कवर किए गए जिले, आकांक्षी जिले और ब्लॉक हैं। उन्होंने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए आकाशवाणी को बधाई दी। उन्होंने पूर्वोत्तर के नागरिकों को भी बधाई दी, जिन्हें इससे बहुत लाभ होगा। प्रधानमंत्री ने रेडियो के साथ उनकी पीढ़ी के भावनात्मक लगाव को रेखांकित किया। मन की बात के आगामी 100वें एपिसोड का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "मेरे लिए, एक अतिरिक्त खुशी की बात यह है कि एक होस्ट के रूप में रेडियो के साथ भी मेरा रिश्ता है।" उन्होंने कहा, "देशवासियों से इस तरह का भावनात्मक जुड़ाव, रेडियो के माध्यम से ही संभव था। इसके माध्यम से मैं देश की ताकत और देशवासियों के बीच कर्तव्य की सामूहिक शक्ति से जुड़ा रहा।“ उन्होंने स्वच्छ भारत, बेटी बचाओ बेटी पढाओ और हर घर तिरंगा जैसी पहलों की भूमिका का उदाहरण देते हुए कहा कि मन की बात के माध्यम से ये प्रयास जन आंदोलन बन गए। प्रधानमंत्री ने कहा, "इसलिए, एक तरह से, मैं आपके आकाशवाणी परिवार का हिस्सा हूं।“ प्रधानमंत्री ने रेखांकित किया कि 91 एफएम ट्रांसमीटरों का उद्घाटन सरकार की उन नीतियों को आगे बढ़ाता है, जो वंचितों को वरीयता देती हैं, जिनके पास अब तक यह सुविधा नहीं थी। प्रधानमंत्री ने कहा, "जिन लोगों को दूर स्थानों का माना जाता था, उन्हें अब व्यापक स्तर पर जुड़ने का मौका मिलेगा।" एफएम ट्रांसमीटरों के लाभों को सूचीबद्ध करते हुए, प्रधानमंत्री ने समय पर महत्वपूर्ण जानकारी, सामुदायिक निर्माण के प्रयास, कृषि पद्धतियों से संबंधित मौसम की अद्यतन जानकारी, किसानों के लिए खाद्य और सब्जियों की कीमतों की जानकारी, रसायनों के उपयोग से होने वाले नुकसान के बारे में चर्चा, कृषि के लिए उन्नत मशीनरी की प्राप्ति, नए बाजार तौर-तरीकों के बारे में महिला स्वयं सहायता समूहों को जानकारी देना और प्राकृतिक आपदा के समय पूरे समुदाय की सहायता करना आदि का उल्लेख किया। उन्होंने एफएम के जानकारी व मनोरंजन (इंफोटेनमेंट) से जुड़े फायदों का भी जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार प्रौद्योगिकी के लोकतंत्रीकरण के लिए लगातार काम कर रही है। प्रधानमंत्री ने कहा, "यह महत्वपूर्ण है कि किसी भी भारतीय को अवसर की कमी महसूस नहीं होनी चाहिए, यदि भारत को अपने पूरे सामर्थ्य के साथ आगे बढ़ना है।“ इसके लिए आधुनिक तकनीक को सुलभ और किफायती बनाना महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी गांवों को ऑप्टिकल फाइबर की सुविधा और सबसे सस्ती डेटा लागत का उल्लेख किया, जिससे जानकारी तक पहुंच आसान हो गई है। उन्होंने कहा कि इससे गांवों में डिजिटल उद्यमिता को एक नया बल मिला है। इसी तरह, यूपीआई ने छोटे व्यवसायों और फुटपाथ विक्रेताओं को बैंकिंग सेवाओं तक पहुँचने में मदद की है।