75th Independence Day (15th August): स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले पर तिरंगा फहराया. इस मौके पर पहली बार आयोजन स्थल पर एमआई-17 हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई. लाल किले की प्राचीर से पीएम मोदी ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव, 75वें स्वतंत्रता दिवस पर आप सभी को और विश्व भर में भारत को और लोकतंत्र को प्रेम करने वाले सभी लोगों को बहुत शुभकामनाएं. साथ ही PM मोदी ने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अब देश के सभी सैनिक स्कूलों को बेटियों के लिए खोल दिया जाएगा. देश के सैनिक स्कूलों में अब बेटियां भी पढ़ेंगी. प्रधानमंत्री की इस घोषणा का पूरे देश मे स्वागत किया गया है.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 21वीं सदी में भारत को नई उंचाई पर पहुंचाने के लिए भारत के सामर्थ्य का सही और पूरा इस्तेमाल समय की मांग है, बहुत जरूरी है। इसके लिए जो वर्ग और क्षेत्र पीछे है उनकी हैंड होल्डिंग करनी ही होगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अमृतकाल का लक्ष्य है भारत और भारत के नागरिकों के लिए समृद्धि के नए शिखरों का आरोहण। एक ऐसे भारत का निर्माण जहां सुविधाओं का स्तर गांव और शहर को बांटने वाला न हो। ऐसे भारत का निर्माण करना है जहां नागरिकों के जीवन में सरकार का बेवजह दखल न हो। देश आज अपना 75वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है।
इसी मौके पर प्रधानमंत्री ने ट्वीट के माध्यम से देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ट्वीट किया कि आप सभी को 75वें स्वतंत्रता दिवस की बहुत-बहुत बधाई। आजादी के अमृत महोत्सव का यह वर्ष देशवासियों में नई ऊर्जा और नवचेतना का संचार करे।