जयपुर. राजस्थान में रविवार का दिन तेज बारिश के नाम रहा. जहां प्रदेश के विभिन्न इलाकों में तेज बारिश के साथ बादलों की गरजना का दौर भी देखने को मिला. इस बीच दो अलग अलग स्थानों पर बिजली गिरने से 7 बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई. आकाशीय बिजली गिरने से कनवास गांव (कोटा) में 4 लोगों की मौत हो गई. वहीं एक अन्य घटना कूदिन्ना गांव, बाड़ी (धौलपुर) में हुई जहां 3 बच्चों की मृत्यु हो गई.
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस घटना को हृदयविदारक बताते हुए दुख जताया. अपने शोक संदेश में गहलोत ने कहा कि 'बच्चों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं, ईश्वर उन्हें इस अत्यंत दुखद समय में संबल प्रदान करें. घायल बच्चों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना है. बताया जा रहा है घटना में बच्चों समेत कई लोग घायल भी हो गए.'
उधर बारां में एक किसान के अलावा झालावाड़ में भी एक की मौत हो गई . जयपुर के चाकसू में आकाशीय बिजली गिरने से 12 साल के बच्चे की मौत हो गई. बगरिया गांव की यह घटना है. जयपुर के आमेर में भी बिजली गिरने से हादसा हुआ है. आमेर महल के सामने बने वॉच टावर पर बिजली गिर गई, जिससे यहां वॉच टावर पर सेल्फी ले रहे एक दर्जन से अधिक पर्यटक झुलस गए. इस घटना के बाद पहले पुलिस ने और फिर SDRF की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है. जानकारी के अनुसार अब तक तीन लोगों की मौत की सूचनाएं आ रही हैं.