इनकम टैक्स अधिकारी बनकर आये हथियारबंद बदमाश, आटा व्यापारी के परिवार को बंधक बनाकर 60 लाख नकद, डेढ़ किलो सोना लूटा


जयपुर। राजधानी जयपुर में बिगड़ती कानून व्यवस्था की ताजा बानगी देखने को मिली। जहां पर एक आटा व्यवसायी के घर पर बदमाशों ने बुधवार शाम हथियारों के दम पर जमकर लूटपाट मचाई और करीब 1 करोड से अधिक की डकैती कर भाग गए। इसमें करीब 60 लाख की नगदी और डेढ़ किलो गोल्ड की डकैत की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। बता दें कि बदमाशों ने खुद को इनकम टैक्स ऑफिसर बताया और शाम 7:30 बजे घर में घुसे। सर्च के नाम पर बदमाशों ने व्यापारी सत्यनारायण तांबी के घर 60 लाख रुपए नगद और डेढ़ किलो सोने के आभूषण लूटे। पीड़ित सत्यनारायण ने बताया कि 5 से अधिक बदमाशों ने एकाएक घर में दबिश देकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया।

व्यापारी खुद को और परिवार को समझा पाता इससे पहले ही बदमाशों ने वारदात करना शुरू कर दिया। बदमाशों ने सत्यनारायण तांबी सहित परिवार के अन्य सदस्यों को करीब सवा घंटे बंधक बनाकर लूटपाट की। जानकारी मिलने पर डीसीपी नॉर्थ मौके पर पहुंचे व मौके पर स्पेशल की टीम को भी बुलाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी मौके पर सर्च कराया गया हैं।