गोवा। पूरी दुनिया की बेहतरीन फिल्मों और इसके उत्कृष्ट रचनाकारों को एक बार फिर एक मंच पर लाकर भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के 53वें संस्करण का शुभारंभ गोवा के पणजी में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में एक भव्य उद्घाटन समारोह के साथ किया गया। राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम और एंटरटेनमेंट सोसायटी ऑफ गोवा द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस फिल्म फिएस्टा के इस संस्करण में 79 देशों की 280 बेहतरीन फिल्में दिखाई जाएंगी। भारतीय पैनोरमा खंड में प्रविष्टियों की एक विस्तृत श्रृंखला के तहत 25 फीचर और 20 गैर.फीचर फिल्में दिखाई जाएंगी।
फिल्मी उत्कृष्टता के इस नौ दिवसीय महोत्सव के लिए शुभ दीप प्रज्ज्वलित करते हुए केंद्रीय सूचना व प्रसारण और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि उनका विजन हमारे देश के लोगों की प्रतिभा और हमारे उद्योग जगत की हस्तियों के नवाचार के दम पर फिल्मों की शूटिंग व पोस्ट.प्रोडक्शन के लिए भारत को सबसे पसंदीदा केंद्र बनाना है।
उन्होंने विस्तार से बताया कि इफ्फी के लिए मेरा विजन केवल एक आयोजन तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इस बात से भी संबंधित है कि इफ्फी का स्वरूप उस समय क्या होना चाहिए, जब अमृत महोत्सव से अमृत काल में प्रवेश करने के बाद भारत अपनी आजादी के 100वें वर्ष का उत्सव मनाएगा! हमारा लक्ष्य क्षेत्रीय फिल्म महोत्सवों का स्तर बढ़ाकर भारत को कंटेंट सृजनए विशेषकर क्षेत्रीय सिनेमा का एक पावर हाउस बनाना है।