राजस्थान में आधी रात बदले गए 25 IAS अधिकारी, कई अधिकारियों को हल्का किया गया तो कुछ की जिम्मेदारियां बढाई गईं


जयपुर। राजस्थान में देर रात 12:00 बजे के बाद दो घटनाक्रम अचानक चर्चा में आ गए। एक मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के OSD लोकेश शर्मा का अपने पद से इस्तीफा देना और दूसरा राजस्थान में 25 आईएएस अधिकारियों के तबादलों की लिस्ट। राजस्थान में बिजली संकट के बीच ऊर्जा विभाग में प्रमुख सचिव पद की जिम्मेदारी संभाल रहे दिनेश कुमार को यहां से हटा दिया गया। दिनेश कुमार के पास डिस्कॉम चेयरमैन की जिम्मेदारी भी थी। अब सुबोध अग्रवाल को ऊर्जा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव-ACS की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वरिष्ठ आईएएस भास्कर आत्माराम सावंत को डिस्कॉम चेयरमैन के साथ-साथ राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड के सीएमडी की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। सुबोध अग्रवाल अब तक खान एवं पेट्रोलियम के एसीएस की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, उन्हें अब ऊर्जा की जिम्मेदारी भी सौंप दी गई है।

रोली सिंह को प्रमुख आवासीय। आयुक्त, नई दिल्ली के पद से हटाकर सामान्य प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नवीन महाजन को राजस्थान कर बोर्ड अजमेर का अध्यक्ष बनाया गया है।

उद्योग के प्रमुख सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे दिनेश कुमार को अब कृषि विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।