उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर में भारत की अध्यक्षता में जी 20 प्रेसीडेंसी की बैठक में चर्चाओं का दौर आज संपन्न हुआ ।समावेशी विकास, बहुपक्षवाद, और महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास के साथ-साथ खाद्य, ईंधन और उर्वरक, पर्यटन तथा संस्कृति के प्रमुख वैश्विक मुद्दों पर महत्वपूर्ण बातचीत तीसरे दिन मुख्य आकर्षण रही। आज उदयपुर की शेरपा बैठक के सभी पांच मूल सत्रों का समापन हुआ।
जी 20 शेरपा अमिताभ कांत ने चर्चा की शुरुआत करते हुए, कृषि, व्यापार और निवेश, रोजगार, भ्रष्टाचार-विरोध, पर्यटन और संस्कृति विषयों पर छह अलग-अलग कार्य समूहों के साथ-साथ भारत की जी 20 प्राथमिकताओं की विहंगम जानकारी दी और उनमें आपसी सहकार प्रयासों को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कृषि, व्यापार, रोजगार, भ्रष्टाचार और आर्थिक अपराधों से निपटने के लिये परिवर्तनकारी प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। आर्थिक विकास में वैश्विक बाधाओं पर चर्चा के दौरान, प्रतिनिधियों ने दीर्घकालिक समाधान और सार्थक साझेदारी के माध्यम से लचीला विकास प्राप्त करने के महत्व को रेखांकित किया। श्री अमिताभ कांत ने भारत द्वारा निर्धारित प्राथमिकताओं की विस्तृत श्रृंखला पर प्रतिनिधिमंडलों द्वारा दिए गए समर्थन की सराहना की।