नई दिल्ली। भारत 30 नवंबर 2023 तक एक वर्ष के लिए जी-20 की अध्यक्षता करेगा। यह फोरम जी-20 के सदस्य देशों, अतिथि देशों और भारत द्वारा आमंत्रित अंतरराष्ट्रीय संगठनों को एक मंच पर लायेगा। शेरपा ट्रैक के माध्यम से, प्राथमिकताओं पर चर्चा करने और सिफारिशें करने के लिए भारत की अध्यक्षता में 13 कार्य समूहों और दो कार्य-व्यापार समूह की बैठक होगी। पर्यावरण, जलवायु और वहनीयता, शेरपा ट्रैक के तहत कार्य समूहों में से एक है। पर्यावरण और जलवायु निरंतरता कार्य समूह (ईसीएसडब्लूजी) की चार बैठकें निर्धारित हैं, जिनकी मेजबानी पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय करेगा। ईसीएसडब्ल्यूजी में चर्चा 'तटीय स्थिरता के साथ नीली अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने', 'क्षरित भूमि और पारिस्थितिक तंत्र की बहाली' तथा 'जैव विविधता में वृद्धि' और 'चक्रिय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने' पर केंद्रित होगी। भारत की अध्यक्षता में जी-20 की पहली जी-20 पर्यावरण बैठक 09-11 फरवरी के दौरान बेंगलुरु में ताज वेस्ट एंड में आयोजित होगी। बेंगलुरु में पहली बैठक के लिए अग्रणी, मैसूरु चिड़ियाघर ने केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण के सहयोग से 18 और 19 जनवरी 2023 को भारत के चिड़ियाघर निदेशकों के लिए दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया। मैसूरु चिड़ियाघर, भारत में सबसे अच्छे प्रबंधित चिड़ियाघरों में से एक है, जो चिड़ियाघर प्रबंधन में उत्कृष्ट व्यवहारों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए आयोजन-स्थल के रूप में चुना गया। यह चिड़ियाघर के जानवरों को गोद लेने की अनूठी अवधारणा के साथ भारत के दो आत्मनिर्भर चिड़ियाघरों में से एक है। सम्मेलन मुख्य रूप से "मास्टर प्लानिंग और प्रजातियों के प्रबंधन एवं संरक्षण के लिए राष्ट्रीय क्षमता का निर्माण" पर केंद्रित था। इस सम्मेलन में 25 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के 59 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसका उद्घाटन मैसुरु नगर निगम के महापौर द्वारा किया गया था और संरक्षण व्यवहारों पर ध्यान आकर्षित करने में सफल रहा। तैयारी और बेहतर समन्वय के लिए, सुश्री लीना नंदन, सचिव, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय और सुश्री वंदिता शर्मा, मुख्य सचिव, कर्नाटक सरकार के बीच 21 जनवरी 2023 को बेंगलुरु में एक बैठक आयोजित की गई।