मोहम्मद शाह धर्म परिवर्तन कर बने राम सिंह, परिवार के 18 लोगों ने मुस्लिम धर्म त्यागकर हिंदू धर्म अपनाया


रतलाम। धर्म परिवर्तन के मामले को लेकर एक तरफ पूरे भारत में शोर मचा है। आरोप प्रत्यारोपों के दौर में लम्बी बहस जारी है। इस बीच मध्यप्रदेश में पिछले 15 दिनों में मुस्लिम से हिंदू बनने का दूसरा बड़ा मामला सामने आया है। 

रतलाम के आम्बा में 18 लोगों ने मुस्लिम धर्म त्याग कर हिंदू धर्म अपनाया। परिवार के मुखिया मोहम्मद शाह ने अपना नाम अब बदलकर राम सिंह रख लिया है। भीमनाथ मंदिर में महा शिवपुराण की पूर्णाहुति पर गुरुवार को स्वामी आनंदगिरी महाराज के सान्निध्य में सभी ने गोबर और गोमूत्र से नहाकर जनेऊ धारण किया। इसके पहले सभी ने शपथ-पत्र तैयार किया। इसमें उन्होंने बिना किसी दबाव के धर्म बदलने की बात लिखी। इससे पहले इस परिवार के मुखिया ने स्वामी आनंदगिरी के पास जाकर धर्म परिवर्तन करने की इच्छा जाहिर की थी। जिसके बाद पूरी कानूनी प्रक्रिया की जानकारी लेकर यह धर्म परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी की गई। 

INDIA HEALTH: उफ ये मुंह के छाले! जानें छालों के 10 कारण और उपचार के 10 तरीके

मोहम्मद शाह से राम सिंह बनने के बाद उन्होंने बताया कि दो-तीन पीढ़ी पहले उनके परिजन बोदी समाज के होकर पुंगी बजाने का काम करते थे। इसके बाद रोजगार की तलाश में जुड़ी-बूटियां बेचने और ताबीज बनाने को लेकर इधर-उधर घूमने लगे और मुस्लिम धर्म अपना लिया था। 3 पीढ़ी के बाद सनातन धर्म में उनकी घऱ वापसी हुई है। मुंडन करा कर सनातन धर्म की मुख्यधारा में वापस लौटने वाले रामसिंह के परिवार के लोग कहते हैं कि वह पहले हिंदू ही थे, बाद में मुस्लिम हो गए थे। उस वक्त उनकी आर्थिक मजबूरी भी इसके पीछे रही। लेकिन पिछले कुछ समय से गांव में रहने के बाद से ही वो हिंदू धर्म को बेहद करीब से देख रहे हैं और उनकी रुचि इसमें बढ़ने लगी, जिसके बाद उन्होंने यह फैसला किया। गांव में महा शिवपुराण कथा के दौरान स्वामी जी से धर्म परिवर्तन की बात कही। अब परिवार व रिश्तेदारों ने मिलकर धर्म परिवर्तन कर लिया है और वो खुश हैं अपनी इस नई जिंदगी को लेकर।

बता दें कि 13 दिन पहले मंदसौर में शेख जफर शेख पिता गुलाम मोइनुद्दीन शेख ने हिंदू धर्म अपनाया था। जिसकी पूरे मध्यप्रदेश में चर्चे हो रहे हैं। अब वे चेतन सिंह राजपूत के नाम से जाने जाते हैं। खास बात यह है कि उनकी पत्नी पहले से ही हिंदू धर्म से जुड़ी हैं। शेख जफर ने भगवान पशुपतिनाथ मंदिर प्रांगण में धर्म परिवर्तन किया था।