कोरोना के कहर से जूझ रहे केरल में नया संकट, अब निपाह वायरस से 12 वर्षीय लड़के की मौत, सरकार अलर्ट


केरल में कोरोना का कहर अभी खत्म भी नहीं हुआ​ कि अब निपाह वायरस का कहर शुरु हो गया है. केरल के कोझिकोड में रविवार सुबह निपाह वायरस से एक 12 साल के लड़के की मौत हो गई. पीड़ित को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हालांकि इस मौत के बाद उनके रिश्तेदारों और इलाज में शामिल लोगों को क्वारैंटाइन कर दिया गया है. अभी तक किसी और में संक्रमण के लक्षण नहीं दिखे हैं.

निपाह एक जूनोटिक वायरस है और यह चमगादड़ व सूअर जैसे जानवरों से इंसानों में फैल सकता है. इस बीमारी की मृत्यु दर बहुत अधिक है. अब तक इसका कोई ट्रीटेमेंट या टीका उपलब्ध नहीं होने से गंभीरता बरती जा रही है.

राज्य सरकार ने इस मामले के बाद हालात का जायजा लेने के लिए कोझिकोड स्पेशल टीम को टास्क सौंपा है. कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और दूसरे उपाय जारी हैं. उधर केंद्र ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए एक टीम केरल भेजी है. साथ ही राज्य सरकार को तत्काल सार्वजनिक स्वास्थ्य उपायों को अपनाने की सलाह दी है. केंद्र की ओर से कहा गया है कि राज्य में पिछले 12 दिनों के दौरान पीड़ित के संपर्क में आने वालों की जांच की जाए. ऐसे लोगों को क्वारैंटाइन किया जाए और अधिक से अधिक लोगों के सैंपल कलेक्ट करके उसकी टेस्टिंग करवाएं.

बता दें कि 2018 में कोझीकोड और मलप्पुरम में निपाह से 17 लोगों की मौत हो गई थी, जिसको देखते हुए सरकार इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है.